Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

स्मृति ने साधा राहुल पर निशाना, कहा- 5 साल लापता रहते थे नामदार लोग

स्मृति ने साधा राहुल पर निशाना, कहा- 5 साल लापता रहते थे नामदार लोग
, शनिवार, 22 जून 2019 (18:38 IST)
अमेठी (उप्र)। केंद्रीय मंत्री एवं अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि नामदार लोग यहां से सांसद चुने जाने के बाद 5 साल लापता रहते थे और अमेठी की जनता यहां से दिल्ली तक चिराग लेकर उन्हें खोजती थी।
 
स्मृति ने अपने 2 दिवसीय अमेठी दौरे के पहले दिन एक जनसभा में राहुल गांधी पर निशाना साधते कहा कि नामदार लोग यहां से सांसद चुनकर जाने के बाद 5 साल लापता रहते थे। अमेठी की जनता चिराग लेकर यहां से दिल्ली तक खोजती थी फिर भी नहीं मिलते थे।
 
उन्होंने कहा कि अमेठी की जनता के फैसले की गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दी है। अमेठी की जनता ने नामदारों की विदाई कर विकास को चुना है। एक सामान्य परिवार के सदस्य को अमेठी ने मौका दिया है। मैं पूरी ईमानदारी से सेवा करूंगी। लोकतंत्र नामदारों के लिए नहीं है, इसका प्रमाण अमेठी ने दे दिया है।
 
अमेठी के 4 लाख लोगों ने कांग्रेस को वोट दिया है लेकिन मैं विकास में कोई भेदभाव नहीं करूंगी। जिसने वोट दिया है और जिसने नहीं दिया, सबके साथ समान भाव से काम होगा। मंत्री ने बरौलिया के भाजपा नेता सुरेन्द्र सिंह की हत्या को बहुत ही दुखदायी बताया और कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता सुरेन्द्र सिंह के परिवार के साथ खड़ा है।
 
स्मृति ईरानी शनिवार को गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के साथ लखनऊ से बरौलिया गांव पहुंचीं। दिवंगत भाजपा नेता सुरेन्द्र सिंह के परिजन से मुलाकात की। सिंह के अंतिम संस्कार में भी स्मृति शामिल हुई थीं। स्मृति ने तिलोई विकासखंड कार्यालय परिसर में 25 लाख रुपए की लागत से बने राजा बहादुर मोहन सिंह सभागार का लोकार्पण किया।
 
उन्होंने राजा विश्वनाथ शरण इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में अमेठी के विकास से जुडीं योजनाओं का शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अमेठी जिले में चयनित 2,117 लाभार्थियों को आवास की चाभी सौंपी।
 
कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की। इस मौके पर प्रदेश सरकार के मंत्री मोहसिन रजा और विधायक मयंकेशवर शरण सिंह, गरिमा सिंह एवं अन्य भाजपा नेता मौजूद थे। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

ICC World Cup 2019 : भारत- अफगानिस्तान क्रिकेट मैच का ताजा हाल