Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

Weather Updates: दाना तूफान देगा दस्तक, बंगाल और ओडिशा में भारी बारिश की संभावना

राजधानी दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का अहसास

Weather Updates: दाना तूफान देगा दस्तक, बंगाल और ओडिशा में भारी बारिश की संभावना

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, बुधवार, 23 अक्टूबर 2024 (09:05 IST)
Weather Updates: दिल्ली-एनसीआर में अब भी गर्मी बरकरार है लेकिन अक्टूबर के अंत तक सुबह-शाम थोड़ी ठंडक बरकरार रहेगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार चक्रवाती तूफान 'दाना' (Dana) 24 अक्टूबर को उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों पर पहुंच सकता है जिससे भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है। आईएमडी ने इसे लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर बेंगलुरु (Bengaluru) में एक निर्माणाधीन इमारत के ढह जाने से उसकी चपेट में आकर 1 मजदूर की मौत हो गई है और कुल 3 लोगों के शव मिले हैं।
 
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का असर अब भी दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अक्टूबर के अंत तक सुबह-शाम के समय गुलाबी ठंडक का अहसास होने लगेगा। दिन के तापमान में बहुत अधिक बदलाव आने की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक कम हो सकता है। बुधवार को आसमान साफ रहेगा।ALSO READ: बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा, 2 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
 
यूपी में 23 अक्टूबर को भी मौसम साफ रह सकता है और 24 अक्टूबर से मौसम बदलने के आसार जताए गए हैं। 24 अक्टूबर को पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 25 अक्टूबर और 26 अक्टूबर को भी गरज चमक के साथ कई जगहों पर बारिश होने के आसार जताए गए हैं।
 
चक्रवात से यहां भारी बारिश की संभावना : आईएमडी ने 24 अक्टूबर को मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, जाजपुर और कटक जिलों में अलग-अलग जगहों पर 20 सेमी से अधिक भारी बारिश होने की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट भी जारी किया है। इसी तरह 24 अक्टूबर को पुरी, गंजम, खोरधा, नयागढ़, क्योंझर, अंगुल और ढेंकनाल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच 25 अक्टूबर को उत्तर ओडिशा के क्योंझर, भद्रक, बालासोर और मयूरभंज जैसे जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने का रेड अलर्ट जारी किया गया है।ALSO READ: Weather Update : बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान, IMD ने दी भारी बारिश की चेतावनी
 
पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना मजबूती से बना निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ गया है और एक डिप्रेशन के रूप में केंद्रित हो गया है। कल 22 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार सुबह 5.30 बजे यह अक्षांश 15.4 डिग्री उत्तर और देशांतर 91.2 डिग्री पूर्व के पास था। 23 अक्टूबर तक इसके चक्रवाती तूफान में तब्दील होने और पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। 24 अक्टूबर की सुबह तक यह निम्न दबाव क्षेत्र उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है।
 
वहीं 24 अक्टूबर की रात और 25 अक्टूबर की सुबह के दौरान पुरी व सागर द्वीप के बीच उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट को एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पार कर सकता है। तट से टकराने के समय हवा की गति 100 से 110 किमी प्रति घंटे से लेकर 120 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।
 
निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-मध्य अरब सागर के ऊपर है जिसके साथ चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। यह भारतीय तट से दूर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और अगले 12 घंटों के दौरान कमजोर हो जाएगा। चक्रवाती परिसंचरण तमिलनाडु के ऊपर है, जो औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। एक और चक्रवाती परिसंचरण उत्तरी कर्नाटक तट से दूर पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर है। एक चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर है।ALSO READ: Cyclone Dana : दाना की दहशत, 120KM स्पीड वाला चक्रवाती तूफान कितना खतरनाक, क्या बोला IMD
 
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ भारी बारिश हुई। गुजरात, कोंकण और गोवा, तेलंगाना, दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप और केरल में हल्की से मध्यम बारिश हुई। दक्षिणी छत्तीसगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (Skymet Weather) के अनुसार आज बुधवार, 23 अक्टूबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, कर्नाटक, रायलसीमा और दक्षिण कोंकण और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। 24 घंटों के बाद ओडिशा के उत्तरी तट और पश्चिम बंगाल के गंगा के तटीय क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।ALSO READ: Weather Update : मौसम में होगा उलटफेर, बंगाल की खाड़ी में आएगा चक्रवाती तूफान, IMD ने जारी किया Alert
 
अगले 2 से 3 दिनों के दौरान ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट पर समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की उम्मीद है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, दक्षिण असम, तटीय आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर-मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, दक्षिण गुजरात और पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश संभव है।
 
तटरक्षक बल अत्यधिक सतर्क : भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने मंगलवार को कोलकाता में कहा कि वह बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) के ऊपर चक्रवाती तूफान (cyclonic storm) बनने की आशंका के मद्देनजर किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए अत्यधिक सतर्क है और उसने अपने जहाजों तथा विमानों को तैनात किया है।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में तब्दील होने और 25 अक्टूबर की सुबह 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से उसके पुरी और सागर द्वीप के बीच ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पार करने की आशंका है।
 
विमानों को रणनीतिक रूप से तैयार किया : एक बयान में कहा गया है कि आईसीजी ने अपने जहाजों तथा विमानों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रणनीतिक रूप से तैयार कर लिया है। इसमें कहा गया है कि आईसीजी अत्यधिक सतर्क है और उसके समर्पित कर्मी तथा संसाधन सहायता, बचाव एवं राहत उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं। इसमें कहा गया है कि तटरक्षक कर्मी समन्वित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए पश्चिम बंगाल तथा ओडिशा में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन प्राधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
 
मछुआरों और नाविकों मौसम चेतावनी देंगे : आईसीजी ने मछुआरों और नाविकों को नियमित मौसम चेतावनी और सुरक्षा संबंधी परामर्श जारी करने के लिए पश्चिम बंगाल के हल्दिया और ओडिशा के पारादीप में हेलीकॉप्टर और रिमोट ऑपरेटिंग स्टेशन तैनात किए।
 
बयान के अनुसार तटरेखा पर मछुआरा समुदायों को चक्रवात के गुजरने तक समुद्र में नहीं उतरने की सलाह दी गई है। इसमें कहा गया है कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पश्चिम बंगाल में अभी तक 9 दलों को तैनात किया है।
 
बेंगलुरु में भारी बारिश से हाहाकार, आज स्कूलों में छुट्टी, निर्माणाधीन इमारत ढही, 3 लोगों के शव मिले : कर्नाटक के बेंगलुरु में भारी बारिश से हाहाकार मच गया है। चारों ओर पानी ही पानी हो गया है तथा इससे सामान्‍य जन-जीवन अस्‍त-व्‍यस्‍त हो गया है। बारिश ने सबसे ज्‍यादा कहर बेंगलुरु में मचाया है। यहां पानी से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। शहर में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है, वहीं बाबूसापल्या में भारी बारिश के बीच मंगलवार को एक निर्माणाधीन इमारत के ढह जाने से उसकी चपेट में आकर 1 मजदूर की मौत हो गई है और कुल 3 लोगों के शव मिले हैं। भारी बारिश से कुछ अपार्टमेंट के परिसरों में पानी भर गया।
 
बेंगलुरु में कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं जिससे रोजमर्रा की जिंदगी पर असर पड़ा है। शहर में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मुख्य सड़कों पर फिर से गड्ढे हो गए हैं जिससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी खड़ी हो गई है। गड्ढों और जलभराव के कारण कारों और भारी वाहनों की आवाजाही भी बाधित हुई है। यहां से जल तबाही के खई वीडियो भी सामने आए हैं।(एजेंसियां)(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

यूपी उपचुनाव : कांग्रेस को मिलेगी फूलपुर, बदले में क्या चाहते हैं अखिलेश यादव?