Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

घायल ममता बनर्जी के स्वास्थ्य में सुधार, व्हील चेयर से करेंगी चुनाव प्रचार

घायल ममता बनर्जी के स्वास्थ्य में सुधार, व्हील चेयर से करेंगी चुनाव प्रचार
, शुक्रवार, 12 मार्च 2021 (07:29 IST)
कोलकाता। नंदीग्राम में कथित हमले में चोटिल हुईं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की स्वास्थ्य स्थिति में मामूली सुधार हुआ है और वह स्थिर हैं। इस बीच ममता ने कहा कि वह जल्द ही व्हील चेयर से चुनाव प्रचार करेंगी।
अस्पताल से एक बयान जारी कर ममता बनर्जी ने कहा है कि वे 3-4 दिन में वापस लौटेंगी और हो सकता है कि कुछ दिन तक पैर में तकलीफ की वजह से व्हील चेयर पर रहना पड़े। ममता बनर्जी के इस बयान से संकेत मिल रहे हैं कि वे आने वाले दिनों में व्हील चेयर पर बैठकर चुनाव प्रचार कर सकती हैं।
 
इस बीच सरकारी एसएसकेएम अस्पताल में उनका उपचार कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस की 66 वर्षीय प्रमुख की विभिन्न जांचें की गई थीं जिनकी रिपोर्ट संतोषजनक हैं और इलाज से उन्हें लाभ हो रहा है।
 
सरकारी एसएसकेएम अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि उनके बाएं पैर का एक्स-रे किया गया था जिसमें ‘डिजेनरेटिव ज्वाइंट डिसीज़’ के बारे में पता चला है। ‘डिजेनरेटिव ज्वाइंट डिसीज़’ एक तरह का गठिया रोग होता है और यह तब होता है जब हड्डियों के सिरों पर लचीले ऊतक नष्ट होने लगते हैं।
डॉक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री के बाएं टखने और पैर की हड्डियों में गंभीर चोटें हैं। इसके अलावा, उनके बाएं कंधे, कलाई और गर्दन में भी चोटें हैं। उनके कंधों, घायल टखने व पैर का भी एक्स-रे किया गया है। डॉक्टरों ने उनकी गर्दन का सीटी स्कैन भी किया है जबकि उनके पेट का यूएसजी किया गया है। उनके रक्त में सोडियम की मात्रा कम पाई गई है, जिसके लिए दवाई दी जा रही है।
 
डॉक्टर ने बताया कि उनके बाएं टखने की सूजन कम हुई है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति में मामूली सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को हल्का खाना दिया गया है।
 
यह पूछे जाने पर कि बनर्जी को अस्पताल से कब छुट्टी मिल सकती है तो डॉक्टर ने कहा कि छह डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। यह टीम शुक्रवार सुबह उनकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करेगी और फैसला करेगी। डॉक्टर शुक्रवार सुबह कई और चिकित्सा जांचें करने की योजना बना रहे हैं।
 
उल्लेखनीय है कि नंदीग्राम में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के दौरान अज्ञात शरारती तत्वों ने कथित रूप से बनर्जी को धक्का दे दिया था, जिसके कारण वह जमीन पर गिर गईं तथा उनके पैर और कमर में चोट आई।

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

क्वाड देशों की बैठक आज, PM मोदी, बाइडन, सुगा और मॉरिसन चीन के खिलाफ बनाएंगे नई रणनीति