Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

मैगजीन लोड कर दरोगा ने दबाया ट्रिगर, महिला को लगी गोली, हालत गंभीर

मैगजीन लोड कर दरोगा ने दबाया ट्रिगर, महिला को लगी गोली, हालत गंभीर

हिमा अग्रवाल

अलीगढ़ , शनिवार, 9 दिसंबर 2023 (10:30 IST)
Aligarh News: अलीगढ़ ऊपरकोट कोतवाली नगर के सीसीटीएनएस (CCTNS) कार्यालय में एक दरोगा की लापरवाही के चलते महिला की जान पर बन आई है। कोतवाली में ड्यूटी पर तैनात दरोगा मनोज कुमार शर्मा (Manoj Kumar Sharma) पिस्टल में मैगजीन लोड करके चेक कर रहे थे कि अचानक से ट्रिगर दबने से गोली चल गई और वह वहां खड़ी महिला के कनपटी में जा लगी। जिस महिला को गोली लगी है, वह सीसीटीएनएस ऑफिस में पासपोर्ट वैरिफिकेशन की जानकारी हासिल करने आई थी।
 
गोली चलने का वीडियो सीसीटीवी में कैद : दरोगा की पिस्टल से गोली चलने का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह मामला कल शुक्रवार का है। ऊपरकोट कोतवाली में तैनात दरोगा मनोज शुक्रवार को अपनी सीट के पास खड़े होकर पिस्टल में गोली लोड करके चेक कर रहा था। टेबल के दूसरी तरफ हड्डी गोदाम की रहने वाली इशरतजहां पासपोर्ट वैरिफिकेशन का नंबर आने का इंतजार कर रही थी।
 
गोली चलते ही महिला के बेटे के होश उड़े : दरोगा मनोज ने अपने सहकर्मी से पिस्टल लेकर मैगजीन लोड की और पिस्टल का ट्रिगर दबा दिया। पिस्टल से गोली निकलकर महिला को लग गई। गोली चलते ही महिला के साथ आए उसके बेटे ईशान के होश उड़ गए और सीसीटीएनएस कार्यालय में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में महिला को जेएन मेडिकल कॉलेज में एडमिट किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
 
जानकारी मिलते ही आलाधिकारी पहुंचे : घटना की जानकारी मिलते ही आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। अलीगढ़ के एसएसपी ने घटना पर जांच बैठा दी है, वहीं गोली चलाने वाला दरोगा फरार है।पिस्टल से गोली दागने वाला दरोगा मनोज अलीगढ़ के भुजपुरा का चौकी इंचार्ज है। वह 3 माह पहले ही आगरा से ट्रांसफर होकर आया है।
 
दरोगा मनोज कुमार शर्मा निलंबित : अलीगढ़ एसएसपी के आदेश पर दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए वैधानिक करते हुए मनोज शर्मा को निलंबित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वह अभी फरार है और आरोपी दरोगा पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 
Edited by: Ravindra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

सरकारी बैंक कर्मचारियों और पेंशनधारकों की बल्ले-बल्ले, वेतन 17 फीसदी बढ़ेगा