Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स हुआ मजबूत

उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स हुआ मजबूत
, शुक्रवार, 6 अप्रैल 2018 (18:15 IST)
मुंबई। अधिकतर विदेशी बाजारों से मिले गिरावट के संकेतों और अमेरिका-चीन के बीच  तनातनी बढ़ने की संभावना को देखते हुए निवेशक पसोपेश में रहे जिससे घरेलू शेयर बाजार  दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शुक्रवार को सपाट बंद हुए।


बीएसई का 30 शेयरों वाला  संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 30.17 अंक की तेजी में 33,626.97 अंक पर और एनएसई का  निफ्टी 10,331.60 अंक पर सपाट बंद हुआ। रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक की घोषणाओं से उत्साहित निवेशकों की लिवाली  के दम पर सेंसेक्स की शुरुआत मजबूत रही।

यह 41.79 अंक की तेजी के साथ  33,608.59 अंक पर खुला लेकिन इस पर तत्काल ही विदेशी बाजारों की गिरावट का प्रभाव  पड़ने लगा और निवेशक बिकवाल बन गए जिससे यह लुढ़कता हुआ 33,501.37 अंक के  दिवस के निचले स्तर तक गया।

कारोबार के अंतिम घंटे में बाजार का रुख सकारात्मक हुआ और यह 33,697.51 अंक के  दिवस के उच्चतम स्तर को छूता हुआ गत दिवस की तुलना में 0.09 प्रतिशत की बढ़त के  साथ 33,626.97 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 16 कंपनियां हरे निशान में और शेष लाल  निशान में रहीं। निफ्टी 8.85 अंक की गिरावट के साथ 10,322.75 अंक पर खुला।

कारोबार के दौरान यह 10,350.45 अंक के उच्चतम और 10,290.85 अंक के निचले स्तर  से होता हुआ गत दिवस के स्तर 10,331.60 अंक पर सपाट बंद हुआ। दिग्गज कंपनियों की तुलना में छोटी और मझौली कंपनियां निवेशकों के लिए अधिक  आकर्षक बनी रहीं।

बीएसई का मिडकैप 0.65 प्रतिशत यानी 106.63 अंक की तेजी में  16,596.57 अंक पर और स्मॉलकैप 0.61 प्रतिशत यानी 107.80 अंक की तेजी में  17,882.99 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में कुल 2,813 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ  जिनमें 133 की कीमतें अपरिवर्तित रहीं जबकि 1,624 में तेजी और 1,056 में गिरावट  रही। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

वृहद पीठ को नहीं सौंपा जाएगा अयोध्या मामला