Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

विश्व कुश्ती रैंकिंग में 5 भारतीय

विश्व कुश्ती रैंकिंग में 5 भारतीय
नई दिल्ली , रविवार, 11 मार्च 2018 (16:11 IST)
नई दिल्ली। पिछले दिनों एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली नवजोत कौर यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) की ताजा रैंकिंग में महिलाओं के 65 किलोग्राम वर्ग में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। इस वर्ग में 2016 की यूरोपीय चैंपियन फिनलैंड की पेत्रा ओली पहले स्थान पर हैं।
 
 
 
नवजोत कौर प्रो कुश्ती लीग (पीडब्ल्यूएल) के सीजन-1 में बेंगलुरु योद्धा की ओर से खेली थीं। इस सूची में पीडब्ल्यूएल में खेले कुल 9 पहलवान शीर्ष 5 स्थानों में बने हुए हैं। उनके अलावा एशियाई चैंपियनशिप में लगातार दूसरा रजत पदक जीतने वाली विनेश फोगाट 50 किग्रा वर्ग में दूसरी रैंकिंग पर हैं।
 
विनेश पीडब्ल्यूएल सीजन-1 में दिल्ली वीर और सीजन-3 में यूपी दंगल की आइकन खिलाड़ी थीं और उन्हें सीजन-1 की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया था। इसके अलावा बजरंग पूनिया 65 किग्रा में और साक्षी मलिक महिलाओं के 62 किग्रा वर्ग में चौथे स्थान पर हैं। बजरंग सीजन-3 में यूपी दंगल से और साक्षी मुंबई महारथी से खेली थीं।
 
इसके अलावा भारतीय पहलवानों में संगीता फोगट 59 किग्रा वर्ग में 5वें स्थान पर हैं। इन तीनों खिलाड़ियों को हाल में एशियाई चैंपियनशिप में 3रा स्थान हासिल हुआ था। संगीता ने सीजन-2 और 3 में दिल्ली सुल्तान्स की ओर से चुनौती रखी थी।
 
पीडब्ल्यूएल सीजन-1 में मुंबई टीम की आइकन खिलाड़ी और 3 बार की विश्व चैंपियन एडलाइन ग्रे महिलाओं के 76 किग्रा वर्ग में दूसरे स्थान पर हैं। वे उस सीजन में अपराजित रही थीं। पिछले दिनों अपने विवाह के बाद उन्होंने क्लिप्पन ओपन में शानदार वापसी करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
 
सीजन-1 में यूपी वॉरियर्स की ओर से खेले मंगोलिया के मंदाकरन गैनजोरिग 74 किग्रा वर्ग में शीर्ष स्थान पर हैं और उज्बेकिस्तान के नवरुजोव इख्तियोर 70 किग्रा वर्ग में दूसरे और उज्बेकिस्तान के ही एम. डेविट सुपर हैवीवेट वर्ग में दूसरे स्थान पर हैं। नवरुजोव सीजन-1 में दिल्ली वीर की ओर से और एम. डेविट बेंगलुरु योद्धा की ओर से खेले थे। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

कल होगा भारत-श्रीलंका के बीच फाइनल के लिए जंगी मुकाबला