Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

गुजरात में 3 बच्चियों से बलात्कार और एक की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

गुजरात में 3 बच्चियों से बलात्कार और एक की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
, सोमवार, 8 नवंबर 2021 (19:33 IST)
अहमदाबाद। गुजरात में गांधीनगर जिला पुलिस ने 3 से 7 साल की उम्र की 3 बच्चियों से बलात्कार करने और 10 दिनों के भीतर उनमें से एक की हत्या करने के आरोप में 26 वर्षीय एक मजदूर को सोमवार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस महानिरीक्षक (गांधीनगर रेंज) अभय चुडासमा ने कहा कि हैरानी की बात यह है कि आरोपी विजय ठाकोर ने तीन साल की बच्ची की जान लेने के बाद उसका यौन उत्पीड़न किया। उन्होंने गांधीनगर में कहा, आरोपी की विकृत मानसिकता है, शायद अश्लील सामग्री देखने की उसकी आदत के कारण ऐसा है।

उसने अब तक 3, 5 और 7 साल की तीन नाबालिग लड़कियों के साथ बलात्कार करने और उनमें से एक की हत्या करने की बात कबूल की है। उसे विस्तृत जांच के लिए 11 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

गांधीनगर जिले की संतेज पुलिस को एक गांव के पास रहने वाली एक महिला मजदूर की शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने चार नवंबर को उसकी पांच साल की बेटी का अपहरण कर लिया और उसी दिन उसे एक सुनसान जगह पर छोड़ दिया।

चुडासमा ने कहा कि लड़की की चिकित्सा जांच में उसके साथ बलात्कार की पुष्टि हुई है। दो दिन बाद, संतेज पुलिस को एक और शिकायत मिली कि पांच नवंबर की रात को खटराज चौराहे के पास एक अस्थाई झोपड़ी से तीन साल की एक बच्ची का अपहरण कर लिया गया था।

चुडासमा ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच करने और स्थानीय लोगों से जानकारी एकत्र करने के बाद पुलिस ने कलोल तालुका के वंसजादा गांव के एक दिहाड़ी मजदूर ठाकोर का पता लगाया। आईजीपी ने कहा, उसने पांच साल की बच्ची और तीन साल की बच्ची के साथ भी दुष्कर्म करने की बात कबूल की है।

उन्होंने कहा कि ठाकोर ने तीन साल की बच्ची की इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि वह बहुत ज्यादा चिल्ला रही थी। फिर उसने उसके साथ बलात्कार किया और उसके शव को पुलिया से फेंक दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है।

चुडासमा ने कहा कि आरोपी ने पांच साल की पीड़िता को नए कपड़े खरीदने का लालच देकर उसे फुसला लिया था। दूसरे मामले में ठाकोर तीन साल की बच्ची की झोपड़ी में घुस गया, जब रात में सभी सो रहे थे और उसे ले गया।उन्होंने कहा, पूछताछ में ठाकोर ने करीब दस दिन पहले इसी इलाके में सात साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने की बात कबूल की।

उसने सबसे पहले लड़की का मोबाइल फोन छीन लिया और उसे अपने पीछे चलने के लिए मजबूर किया। इसके बाद उसने उसका अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया। ठाकोर के आपराधिक अतीत के बारे में विस्तृत जांच जारी है।(भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

OPPO ने लांच किया नया स्‍मार्टफोन A16K, जानिए फीचर्स और कीमत...