Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

छत्तीसगढ़ में मुठभेड़, 11 और नक्सली मार गिराए

छत्तीसगढ़ में मुठभेड़, 11 और नक्सली मार गिराए
, शनिवार, 28 अप्रैल 2018 (13:43 IST)
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में शनिवार सुबह पुलिस ने नक्सली कैंप पर दबिश देकर 11 वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया, जिनमें से 2 के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने कैंप को ध्वस्त कर दिया है। मौके से 11 बंदूकें, गोला-बारूद समेत अन्य सामग्रियां जब्त की गई हैं। 
 
बस्तर आईजी विवेकानंद सिन्हा एवं डीआईजी पी. सुंदरराज ने बताया कि सूचना मिली थी कि बुरकापाल क्षेत्र के जंगल में नक्सलियों ने कैंप बनाया है। डीआरजी एवं डीएफ का संयुक्त बल रवाना किया गया, जिसने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।
 
पुलिस की मौजूदगी भांपते ही नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस बल ने भी मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की। लगभग दो घंटे तक दोनों ओर से हुई रुक-रुककर गोलीबारी के बाद अंतत: नक्सली जंगल में भाग खड़े हुए।
 
अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल की सर्चिंग के दौरान एक पुरुष एवं एक महिला नक्सली के शव बरामद किए गए हैं। परिस्थितिजन्य साक्ष्य, खून के धब्बे एवं घसीटे जाने के चिन्हों से यह प्रमाणित होता है कि मुठभेड़ में कम से कम 11 नक्सली मारे गए हैं और कई लहूलुहान हुए हैं। बाकी साथियों के शव नक्सली अपने साथ ले जाने में सफल हो गए।
 
उन्होंने बताया कि 11 नक्सलियों के मारे जाने की इस बात से भी पुष्टि होती है कि नक्सली कभी हथियार छोड़कर नहीं भागते और 11 बंदूकों का मिलना स्वयं प्रमाण है। घटनास्थल से हथियारों के अलावा नक्सली साहित्य और अन्य सामग्री भी बरामद हुई। 
 
शुक्रवार को 10 नक्सली मारे : बीजापुर जिला पुलिस ने  मद्देड़ थाना क्षेत्र के आईपेंटा गांव के समीप जंगल में नक्सल अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए शुक्रवार सुबह मुठभेड़ में पांच महिला समेत 10 वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया। इनमें से 7 के शव बरामद कर लिए गए हैं। घटनास्थल से बंदूकें और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया गया है।
 
तीन नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक महिला समेत तीन नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि माओवादी विचारधारा से तंग आकर मर्दापाल इलाके के दो पुरुष और एक महिला नक्सली ने आत्म समर्पण किया है। (वार्ता)
 
 

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

चीन से दोस्ती के साथ सीमा पर 96 नई चौकियां