Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

मौसम अपडेट : उत्तर भारत में मानसून का इंतजार, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम अपडेट : उत्तर भारत में मानसून का इंतजार, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
, मंगलवार, 22 जून 2021 (21:55 IST)
नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को कहा कि देश में इस मानसूनी मौसम में अब तक 37 प्रतिशत अतिरिक्त बारिश हो चुकी है। उसने कहा कि देश में 21 जून तक सामान्य बारिश 10.05 सेंटीमीटर के मुकाबले 13.78 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों को अभी मानसून के लिए 1 हफ्ते तक और इंतजार करना होगा। पछुआ हवा के चलते दक्षिण-पश्चिम मानसून बहुत धीमी गति से आगे बढ़ रहा है और राष्ट्रीय राजधानी तक उसके पहुंचने में हफ्ते भर का समय और लगने की उम्मीद है।

 
आईएमडी ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब को छोड़कर दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के अधिकतर भागों तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने एक बयान में कहा कि इस साल के दक्षिण-पश्चिम मानसून के मौसम में 21 जून तक संचयी वर्षा दीर्घकालिक औसत (एलपीए) से करीब 37 प्रतिशत ज्यादा हुई। विभाग ने कहा कि इस अवधि में उत्तर-पश्चिम भारत में 40.6 मिलीमीटर सामान्य बारिश के मुकाबले 71.3 मिलीमीटर बारिश हुई, जो 76 प्रतिशत ज्यादा है।

 
बयान में कहा गया कि मध्य भारत में 145.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य बारिश 92.2 मिलीमीटर के मुकाबले 58 प्रतिशत ज्यादा है। इसमें कहा गया कि दक्षिणी प्रायद्वीप में 133.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 24 प्रतिशत ज्यादा है। विभाग के मुताबिक पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में इस अवधि में 253.9 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि इस दौरान बारिश सामान्य रूप से 224.8 मिलीमीटर दर्ज की जाती है। 
 
विभाग के मुताबिक केरल में 2 दिन की देरी से पहुंचने के बाद मानसून देश में तेजी से बढ़ा और यह पूर्वी, मध्य और उससे लगे उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य समय से 7 से 10 दिन पहले पहुंच गया। दिल्ली, राजस्थान के कुछ हिस्सों, हरियाणा और पंजाब समेत देश के बचे हुए इलाकों में हालांकि अगले 7 दिनों में इसके और आगे बढ़ने की संभावना कम ही है। (इनपुट भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

80 देशों में delta variant का पता चला, क्या तीसरी लहर की है आहट?