Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

राजस्थान में जारी राजनीतिक संकट के बीच सक्रिय हुईं वसुंधरा राजे, नड्डा के बाद राजनाथ सिंह से की मुलाकात

राजस्थान में जारी राजनीतिक संकट के बीच सक्रिय हुईं वसुंधरा राजे, नड्डा के बाद राजनाथ सिंह से की मुलाकात
, शनिवार, 8 अगस्त 2020 (21:43 IST)
नई दिल्ली। राजस्थान (Rajasthan) में चल रहे सियासी संकट के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje) ने शनिवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) से मुलाकात की। समझा जाता है कि दोनों नेताओं के बीच राजस्थान के राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई। 
 
राजे पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में हैं। उन्होंने शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के संगठन महासचिव बीएल संतोष से भी मुलाकात की थी। हालांकि इन मुलाकातों के दौरान वसुंधरा की पार्टी नेताओं से क्या चर्चा हुई, इस पर आधिकारिक रूप से कोई सूचना नहीं दी गई है।
 
वसुंधरा की ये मुलाकातें इसलिए महत्वपूर्ण हो जाती हैं क्योंकि पिछले महीने से शुरू हुए राजनीतिक संकट के दौरान वे जयपुर में हुई भाजपा की बैठकों से अलग रही हैं और उन्होंने पूरे घटनाक्रम पर चुप्पी साधे रखी।
webdunia
गौरतलब है कि पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट और कांग्रेस के कुछ अन्य विधायकों के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ बागी रुख अपनाने के कारण राजस्थान में पिछले कुछ हफ्तों से राजनीतिक उठापटक चल रही है। कांग्रेस आलाकमान ने पायलट को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री पदों से हटा दिया था।
 
राजस्थान विधानसभा का सत्र 14 अगस्त से आरंभ हो रहा है। संभावना है कि गहलोत इस दौरान विश्वास मत का प्रस्ताव ला सकते हैं। जानकारों का मानना है कि गहलोत के पास संख्याबल है और वे बहुमत साबित करने को लेकर आश्वस्त हैं।
 
भाजपा का एक वर्ग कांग्रेस के बागी विधायकों के समर्थन से गहलोत सरकार को गिराना चाहता है लेकिन सूत्रों की मानें तो वसुंधरा इसके पक्ष में नहीं हैं। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

देश में Coronavirus से अब तक गई 196 डॉक्टरों की जान, IMA ने PM मोदी को चिट्ठी लिखकर मांगी मदद