Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

Farmers Protest : किसानों से मंत्रियों की तीसरे दौर की बात, क्या MSP कानून पर बनेगी बात?

farmers protest

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, गुरुवार, 15 फ़रवरी 2024 (10:07 IST)
  • 3 केंद्रीय मंत्री करेंगे सरकार का नेतृत्व
  • MSP कानून की मांग पर अड़े किसान
  • शाम 5 बजे शुरू होगी बैठक
Farmers Protest 2024 : पंजाब-हरियाणा सीमा पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच जारी गतिरोध के मध्य तीन केंद्रीय मंत्रियों की एक समिति गुरुवार को चंडीगढ़ में किसान नेताओं से तीसरे दौर की वार्ता करेगी। पहले 2 दौर की बातचीत विफल रही थी। किसानों की पीएम मोदी से बातचीत की मांग के बीच हो रही बैठक को लेकर सवाल उठ रहा है कि क्या इस राउंड की बातचीत में कोई हल निकल सकेगा।
 
कृषि व किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा, वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर यहां शाम पांच बजे किसान नेताओं से मुलाकात करेंगे।
 
यह दोनों पक्षों के बीच तीसरे चरण की वार्ता होगी। आठ और 12 फरवरी को हुई पहले दो चरण की वार्ता बेनतीजा रही थी।
 
पंजाब के किसानों ने अपनी मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के लिए दिल्ली की ओर कूच करने का आह्वान किया है और वे पंजाब तथा हरियाणा की शंभू तथा खनौरी सीमाओं पर डेरा डाले हुए हैं।
 
‘दिल्ली चलो’ आंदोलन के तहत सैकड़ों किसान शंभू और खनौरी सीमाओं पर डेरा डाले हुए हैं। हालांकि किसान नेताओं ने कहा कि वे बैठक होने तक दिल्ली की ओर बढ़ने का कोई नया प्रयास नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई केंद्र के प्रस्तावों के आधार पर तय की जाएगी। 
 
भारतीय किसान यूनियन (एकता उग्राहां) और बीकेयू दकौंदा (धानेर) ने आज पंजाब में ‘रेल रोको’ का आह्वान किया है। किसान दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक सात स्थानों पर रेल की पटरियों पर बैठेंगे।
 
शंभू और खनौरी सीमाओं पर हरियाणा के सुरक्षा कर्मियों द्वारा प्रदर्शकारी किसानों पर आंसू गैस के गोले दागने और पानी की बौछारों का इस्तेमाल करने के विरोध में उक्त फैसला किया गया है।
 
संयुक्त किसान मोर्चा ने भी सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक टोल प्लाजा पर प्रदर्शन करने का फैसला किया है।
 
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी के वास्ते कानून बनाने और कर्ज माफी सहित अपनी मांगों को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए दिल्ली चलो मार्च का नेतृत्व कर रहे हैं।
 
हरियाणा पुलिस ने किसानों को उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली में दिल्ली जाने से रोकने के लिए अवरोधक लगाकर सीमा सील कर दी है।
 
अंबाला के समीप शंभू बॉर्डर पर पिछले 2 दिनों से सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों में तनातनी बनी हुई है। लगातार आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने भी सुरक्षा कर्मियों पर पथराव किया। हरियाणा के जींद जिले में दाता सिंहवाला-खनौरी सीमा पर भी इसी तरह का गतिरोध जारी है।
(एजेंसियां)
Edited by : Nrapendra Gupta 

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

संदेशखाली में कैसे हैं हालात, क्या कहती है राज्यपाल की रिपोर्ट?