Webdunia - Bharat's app for daily news and videos

Install App

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ दिल्ली समेत देशभर में AAP, अन्य दलों का प्रदर्शन

वेबदुनिया न्यूज डेस्क
शुक्रवार, 22 मार्च 2024 (22:14 IST)
Protest against the arrest of Arvind Kejriwal : प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 में कथित अनियमितताओं से जुड़े धनशोधन मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने के खिलाफ शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी समेत देशभर में आम आदमी पार्टी (AAP) और अन्य राजनीतिक दलों ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने कैबिनेट मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज को हिरासत में ले लिया।
 
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आप के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन किया। आईटीओ पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने इस क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू होने का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से जाने के लिए कहा। इसके बाद पुलिस ने कैबिनेट मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज को हिरासत में ले लिया।
 
आईटीओ के पास ही भाजपा और आप के मुख्यालय हैं। पुलिस ने प्रदर्शन के मद्देनजर भाजपा मुख्यालय और ईडी कार्यालय जाने वाले मार्गों को बंद कर दिया। इससे आईटीओ चौराहे, राजघाट तथा विकास मार्ग पर बड़े स्तर पर यातायात अवरुद्ध हुआ। 
 
कृपया इन सड़कों से निकलने से बचें : दिल्ली यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स पर जारी परामर्श में कहा, दिल्ली के डीडीयू मार्ग पर राजनीतिक दल के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर आईपी मार्ग, विकास मार्ग, मिंटो रोड और बहादुर शाह जफर मार्ग पर भारी यातायात रहेगा। डीडीयू मार्ग यातायात के लिए बंद रहेगा। कृपया इन सड़कों से निकलने से बचें और तदनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। पंडित दीन दयाल मार्ग (डीडीयू) पर ही भाजपा और आप के मुख्यालय स्थित हैं।
विपक्षी दलों ने की ईडी की कार्रवाई की निंदा : वहीं आप और रायजोर दल (आरडी) की असम इकाई ने शुक्रवार को गुवाहाटी में प्रदर्शन किया और विपक्षी दलों ने एकजुट होकर आप नेता के खिलाफ ईडी की कार्रवाई की निंदा की। गुवाहाटी में आप सदस्यों ने राज्य सचिवालय से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित पार्टी के राज्य मुख्यालय से जुलूस निकाला, लेकिन सुरक्षाबलों ने उन्हें रोक दिया। इसी तरह का विरोध-प्रदर्शन आप सदस्यों ने डिब्रूगढ़ में भी किया।
ALSO READ: जेल में रहूं या बाहर, मेरा जीवन राष्ट्र को समर्पित : अरविंद केजरीवाल
रायजोर दल के सदस्यों ने भी शहर में अपने कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इसके नेता बीडी सैकिया ने कहा, इस कदम का उद्देश्य स्पष्ट रूप से भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा गंभीर मुद्दे, खासकर चुनावी बॉण्ड के बारे में सच्चाई से ध्यान भटकाना है। हम चुप नहीं रहेंगे और लोग करारा जवाब देंगे।
 
स्वतंत्र एजेंसियां राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम कर रहीं : कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स पर पोस्ट कर कहा, विपक्ष को कुचलना इस सरकार का स्वभाव बन गया है। एक ही दिन में दो कदम- कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज करना और वर्तमान मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर विपक्ष को कुचलने का प्रयास किया गया। स्वतंत्र एजेंसियां स्पष्ट रूप से राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम कर रही हैं।
ALSO READ: अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद AAP के सामने अस्तित्व बनाए रखने की चुनौती?
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने भी केजरीवाल की गिरफ्तारी की आलोचना की और कहा, मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, एक डरा हुआ तानाशाह ऐसा लोकतंत्र बनाना चाहता है जिसमें जान ही न हो। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और जम्मू क्षेत्र में शुक्रवार को विरोध मार्च निकालने की कोशिश कर रहे आप कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी अलोकतांत्रिक : अधिकारियों ने बताया कि बड़ी संख्या में आप के कार्यकर्ता श्रीनगर प्रेस एन्क्लेव के पास जुटे थे। जैसे ही उन्होंने मार्च निकालने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए हल्के बल का प्रयोग किया। आप के नेता नवाब नासिर ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी अलोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा, यह लोकतंत्र की लड़ाई है और आखिरकार हम इसे जीतेंगे।
ALSO READ: अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली की सरकार और आम आदमी पार्टी कैसे चलेगी
आप नेता ने कहा, हम मोदी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) को बताना चाहते हैं कि उनकी तानाशाही नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि केजरीवाल एक अवधारणा हैं, एक विचारधारा हैं और आप उन्हें गिरफ्तार कर सकते हैं लेकिन आप विचारधारा को गिरफ्तार नहीं कर सकते। जम्मू के त्रिकुटा नगर में भाजपा कार्यालय की ओर मार्च निकालने की कोशिश के दौरान 200 से अधिक आप कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में ले लिया गया।
 
अरविंद केजरीवाल के लिए भारत की सड़कों पर लड़ेंगे : आप नेता सुरिंदर सिंह श्रृंगारी ने हिरासत में लिए जाने से पहले कहा, हम अपने नेता अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं। हम उनके साथ हैं। हम उनके लिए भारत की सड़कों पर लड़ेंगे। तेलंगाना के हैदराबाद में आप कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय के पास विरोध-प्रदर्शन किया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया।
 
प्रधानमंत्री मोदी की तानाशाही सारी हदें पार कर चुकीं : इस दौरान आप कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोदी हटाओ-भारत बचाओ लिखी तख्तियां ली हुई थीं तथा ईडी और सीबीआई मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। पार्टी ने ‘एक्स पर पोस्ट कर कहा, आप की तेलंगाना इकाई ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ हैदराबाद में भाजपा मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा और मोदी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) की तानाशाही सारी हदें पार कर चुकी हैं। आज भारत केजरीवाल के लिए एकजुट है और भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहा है। जय हिन्द।
ALSO READ: क्‍या है Delhi Liquor Policy Case, कैसे केजरीवाल ED की रडार पर आकर फंसे?
आप की कर्नाटक इकाई ने केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए शुक्रवार को बेंगलुरु में प्रदर्शन किया। आप की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एचएन चंद्रशेखर के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘फ्रीडम पार्क में ‘काला दिवस मनाया। चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केजरीवाल को गिरफ्तार करवाया, क्योंकि वह देशभर में उनकी बढ़ती लोकप्रियता को पचा नहीं पा रहे हैं।
 
उन्होंने कहा, जो लोग कहते हैं कि वे संविधान ही बदल देंगे, उनसे और क्या उम्मीद की जा सकती है। केंद्र सरकार ने आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय जैसी एजेंसी का उपयोग करके उन लोगों पर कार्रवाई की योजना बनाई है जो भाजपा के खिलाफ हैं। केरल में सतारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विपक्षी दल कांग्रेस ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
 
विपक्षी दलों के समूह INDIA की ताकत से घबराया हुआ है राजग खेमा : माकपा ने शुक्रवार को कन्नूर में विरोध मार्च निकाला और पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी का पुतला जलाया। आप के कार्यकर्ताओं ने एर्नाकुलम जिले में भारतीय जनता पार्टी कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन ने कहा कि गिरफ्तारी इसलिए हुई क्योंकि राजग खेमा विपक्षी दलों के समूह इंडिया की ताकत से घबराया हुआ है। चुनावी बॉण्ड मुद्दे पर उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है और चुनावी बॉण्ड घोटाला साफतौर पर भ्रष्टाचार है।
ALSO READ: केजरीवाल 28 मार्च तक ED की रिमांड पर, लॉकअप में मनेगी होली
आप नेता की गिरफ्तारी की कड़ी आलोचना करते हुए तिरुवनंतपुरम से सांसद एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा, मैं देश के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे उन लोगों को सत्ता में वापस नहीं आने दें जो लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान करते हैं। हमारे लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोगों को ऐसी कार्रवाइयों का पुरजोर विरोध करने की जरूरत है। जो कुछ भी हुआ उसे उचित नहीं ठहराया जा सकता।
 
माकपा के वरिष्ठ नेता एमए बेबी ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी भाजपा सरकार की तानाशाही को दर्शाती है। माकपा की युवा इकाई ‘डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य एए रहीम ने कहा,  चुनावी बॉण्ड घोटाला दुनिया के सबसे बड़े घोटालों में से एक है और अब हम देख सकते हैं कि भाजपा अन्य खबरों के जरिए इससे ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
 
केरल में भाजपा नेताओं ने किया केजरीवाल की गिरफ्तारी का समर्थन : हालांकि केरल में भाजपा नेताओं ने केजरीवाल की गिरफ्तारी का समर्थन किया और कहा कि यह कानून की उचित प्रक्रिया के तहत हुआ। भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख के. सुरेंद्रन ने सतीशन से पूछा, हम जानना चाहेंगे कि केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध कर कांग्रेस क्या केरल के मुख्यमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ कोई कार्रवाई होने पर आंदोलन करेगी?
 
अगर किसी ने कानून का उल्लंघन किया तो परिणाम भुगतना होगा : उन्होंने कहा, कांग्रेस नेता अजय माकन दिल्ली में सवाल पूछते थे। लेकिन अब केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद वे विरोध कर रहे हैं। यह कांग्रेस पार्टी के दोहरे चरित्र को दर्शाता है। इस बीच, तिरुवनंतपुरम से राजग के उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा, केजरीवाल ने ईडी के नोटिस को नजरअंदाज किया और अब उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। अगर किसी ने कानून का उल्लंघन किया तो परिणाम भुगतना होगा, चाहे वह केजरीवाल हों या कोई अन्य नेता।
ALSO READ: क्‍या है ED के दिल्‍ली के CM केजरीवाल पर 10 बड़े आरोप?
विपक्षी दल आप और कांग्रेस के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को गुजरात के अहमदाबाद, राजकोट, सूरत और भावनगर जैसे प्रमुख शहरों में प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने आप की गुजरात इकाई के अध्यक्ष अध्यक्ष इसुदान गढ़वी और पार्टी विधायक उमेश मकवाणा तथा हेमंत खावा समेत लगभग 130 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
 
हिरासत में लिए जाने से पहले गढ़वी ने कहा, केजरीवाल के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। पहले उन्होंने राजनीतिक प्रतिशोध के तहत मनीष सिसोदिया को जेल में डाला और अब केजरीवाल को। चुनावी बॉण्ड के जरिए लोगों से पैसे ऐंठने वाले ईडी अधिकारियों ने एक लोकप्रिय मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया है।
 
20 लोगों को हिरासत में लिया : पुलिस उपायुक्त (सूरत शहर) भक्ति ठाकर ने कहा, बिना अनुमति के सड़क पर विरोध प्रदर्शन करने पर हमने लगभग 20 लोगों को हिरासत में लिया है। आदर्श आचार संहिता लागू है और पुलिस द्वारा चार से अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध लगाने की अधिसूचना भी जारी की गई है।
 
उधर, महाराष्ट्र के मुंबई में आप ने आरोप लगाया कि गुरुवार देर रात प्रदर्शन कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस ने मारपीट की। ‘आप की महाराष्ट्र इकाई की अध्यक्ष प्रीति शर्मा मेनन ने ‘एक्स पर पोस्ट कर कहा, आज पुलिस ने ऐसी बर्बरता की जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती। ईडी द्वारा गैरकानूनी तरीके से गिरफ्तारी किए जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे ‘आप कार्यकर्ताओं को घसीटा गया, पीटा गया और घूंसे तक मारे गए। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour

सम्बंधित जानकारी

जरूर पढ़ें

Modi-Jinping Meeting : 5 साल बाद PM Modi-जिनपिंग मुलाकात, क्या LAC पर बन गई बात

जज साहब! पत्नी अश्लील वीडियो देखती है, मुझे हिजड़ा कहती है, फिर क्या आया कोर्ट का फैसला

कैसे देशभर में जान का दुश्मन बना Air Pollution का जहर, भारत में हर साल होती हैं इतनी मौतें!

नकली जज, नकली फैसले, 5 साल चली फर्जी कोर्ट, हड़पी 100 एकड़ जमीन, हे प्रभु, हे जगन्‍नाथ ये क्‍या हुआ?

लोगों को मिलेगी महंगाई से राहत, सरकार बेचेगी भारत ब्रांड के तहत सस्ती दाल

सभी देखें

नवीनतम

Wayanad Election : प्रियंका गांधी ने घोषित की संपत्ति, जानिए कितनी अमीर हैं कांग्रेस महासचिव

cyclone dana : पश्चिम बंगाल-ओडिशा की तरफ तेजी से बढ़ रहा चक्रवात 'दाना', 5 राज्यों में NDRF की 56 टीम तैनात, 150 ट्रेनें रद्द

Jharkhand Election : झारखंड मुक्ति मोर्चा की दूसरी सूची जारी, रांची से चुनाव लड़ेंगी महुआ माजी

सार्वजनिक बयान देकर नियमों का किया उल्लंघन, विपक्ष ने जगदंबिका पाल पर लगाया आरोप

रीवा रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में 31 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव, बोले CM डॉ. मोहन यादव, उपलब्ध संसाधनों हीरे की तरह तराशेंगे

આગળનો લેખ
Show comments