Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

मानसून अपडेट! बाढ़ से हाल बेहाल, अधिक बारिश से यहां बढ़ सकती है परेशानी

मानसून अपडेट! बाढ़ से हाल बेहाल, अधिक बारिश से यहां बढ़ सकती है परेशानी
नई दिल्ली , मंगलवार, 18 जुलाई 2017 (07:41 IST)
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में बाढ़ से हाल-बेहाल है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कई राज्यों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है जिसके चलते बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्थिति और बिगड़ सकती है।
 
मौसम विभाग के अधिकारियों ने ओडिशा तथा तटीय आंध्र प्रदेश में दूर दराज के इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। गोवा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
 
मूसलाधार बारिश के चलते हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और ओड़िशा के कुछ हिस्सों में स्थिति बदतर हो गई है। असम में बाढ़ के कारण पांच और लोगों की मौत हो गई। बहरहाल कुल स्थिति में थोड़ा सुधार देखा गया है जबकि राज्य के 17 जिलों में अब भी करीब आठ लाख लोग प्रभावित हैं।
 
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की रिपोर्ट के अनुसार मध्य असम के मोरीगांव में तीन लोगों की मौत हो गयी और ग्वालपाड़ा एवं गोलाघाट जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे असम में बाढ़ से संबंधित घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 65 हो गई।
 
राज्य आपात अभियान केंद्र (एसईओसी) ने बताया कि गुजरात में भी बाढ़ के कारण दो लोगों के मरने की रिपोर्ट है। इसके साथ ही राज्य में मूसलाधार बारिश से मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
 
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश जारी है। इस बीच राज्य के चम्बा जिला में बादल फटने के चलते अचानक आई बाढ़ में एक व्यक्ति बह गया।
 
मौसम विभाग ने बताया कि नाहन के बाद बंजर सबसे अधिक बारिश वाला स्थान रहा। बंजर में कल से 77 मिमी और नाहन में 73 मिमी बारिश हुई, सलूनी में 46 मिमी, पालमपुर में 45 मिमी, धर्मशाला में 37 मिमी, बैजनाथ में 35 मिमी, भोरंज में 34 मिमी और खेड़ी में 27 मिमी बारिश है।
 
ओड़िशा के रायगढ़ा और कालाहांडी जिलों में स्थिति में सुधार के बाद राहत एवं बचाव अभियान ने जोर पकड़ा। ओड़िशा में अचानक आई बाढ़ के कारण दो लोगों के मरने और 40 हजार से अधिक लोगों के फंसे होने की रिपोर्ट है।
 
राष्ट्रीय राजधानी के भी कई हिस्सों में भारी बारिश हुई जिससे यातायात बाधित हुआ और सप्ताह के पहले ही दिन कई इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो गयी।
 
उत्तर प्रदेश में कई इलाकों में बारिश के कारण गंगा, शारदा और घाघरा समेत कई प्रमुख नदियों में जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गया है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

विजय माल्या को झटका, जब्त होगा खाता...