Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

Weather Updates: भारत के अधिकांश हिस्‍सों में तापमान बढ़ा, उत्तर भारत में बर्फबारी की संभावना

Weather Updates: भारत के अधिकांश हिस्‍सों में तापमान बढ़ा, उत्तर भारत में बर्फबारी की संभावना
, गुरुवार, 2 मार्च 2023 (08:34 IST)
नई दिल्‍ली। देश के अधिकांश हिस्‍सों में अब तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। इससे सर्दी में कमी देखने को मिल रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार इस साल मार्च से मई तक काफी लू चलने के आसार हैं। आईएमडी के अनुसार मंगलवार रात से पश्चिमी विक्षोभ उत्‍पन्‍न हो रहा है। इसके कारण उत्‍तर के अधिकांश हिस्‍सों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी।
 
आईएमडी के अनुसार पहाड़ी राज्‍यों में बारिश और बर्फबारी के आसार बनने का कारण एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम करवट ले रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक इस पश्चिमी विक्षोभ का असर 2 मार्च की रात से हिमालयी क्षेत्र में दिखना शुरू हो जाएगा। इसके कारण 3 और 4 मार्च को भी जम्‍मू-कश्‍मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्‍तराखंड, लद्दाख और गिलगित, बाल्टिस्‍तान व मुजफ्फराबाद में बारिश व बर्फबारी संभव है।
 
आईएमडी ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में मार्च से मई तक लू चलने और दिन और रात के तापमान के सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक होने की 60 प्रतिशत संभावना है।
 
आज का मौसम: आज जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में और उत्तराखंड में 1 या 2 स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश और हिमपात संभव है। दक्षिण तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप, असम, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश संभव है।
 
उत्तर-पश्चिमी उत्तरप्रदेश और पंजाब के उत्तरी भागों में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री दर्ज : राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार की सुबह न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी के मुताबिक दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
 
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में सुबह 9 बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 201 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। मालूम हो कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बेहद खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है। आईएमडी के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 89 फीसदी दर्ज की गई।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

ख़ुशी काम में बेहतर होने में हमारी मदद कर सकती है, जानिए कैसे...