Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

चीन से व्यापार बढ़ने से केजरीवाल नाराज, बताया- क्या है दिल्ली में कम महंगाई का राज?

चीन से व्यापार बढ़ने से केजरीवाल नाराज, बताया- क्या है दिल्ली में कम महंगाई का राज?
, बुधवार, 25 जनवरी 2023 (15:23 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चीन की आक्रामकता के बावजूद उसके साथ हमारा व्यापार बढ़ा है और यह सही नहीं है। उन्होंने दिल्ली में मुद्रास्फीति सबसे कम होने का दावा करते हुए इसके पीछे की वजह भी बताई।
 
चीन से 50 फीसदी बढ़ा व्यापार : छत्रसाल स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह समारोह को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि हम चीन से चप्पल, मूर्तियां और गद्दे जैसी वस्तुएं खरीद रहे हैं। हम भारत में इनका निर्माण क्यों नहीं कर सकते? इन चीजों का निर्माण देश में भी किया जा सकता है, जिससे युवकों के लिए रोजगार का सृजन होगा और चीन को एक कड़ा संदेश जाएगा।
 
उन्होंने कहा कि खबरों के अनुसार, चीन ने भारत के कुछ क्षेत्रों पर कब्जा कर लिया है जो हर नागरिक के लिए चिंता का विषय है। चीन की आक्रामकता के बावजूद हमारा चीन के साथ व्यापार बढ़ा है। यह 50 प्रतिशत बढ़ा है। हम चीन को अमीर बना रहे हैं। यह सही नहीं है।
 
दिल्ली में क्यों कम है महंगाई : दिल्ली में मुद्रास्फीति सबसे कम होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा शासित गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में मुद्रास्फिति दर काफी अधिक है।
 
उन्होंने कहा कि दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, बिजली, जल सब मुफ्त है। इसलिए दिल्ली में मंहगाई कम है। खाद्य पदार्थों पर जीएसटी लगने से वे महंगे हो गए। मैं केंद्र से आग्रह करता हूं कि लोगों को राहत देने के लिए खाद्य पदार्थों पर से जीएसटी हटाएं।
 
लोकतंत्र पर काले बादल : मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कई राज्य सरकारों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई राज्यों में निर्वाचित सरकारों द्वारा विश्वविद्यालयों में की गईं कुलपतियों की नियुक्ति को राज्यपाल रद्द कर रहे हैं। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि लोकतंत्र पर काले बादल छा रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि हम दूसरे राज्यों के अच्छे कार्यों से क्यों नहीं सीखते? ऐसी कोई समस्या नहीं है जिसका समाधान दूसरे राज्यों में न मिले।

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

बढ़ती डेटा लागत से चिंतित दूरसंचार मंत्री, कहा- डिजिटलीकरण के प्रसार में आ रही है बाधा