Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

भाजपा का दावा, कई घंटों से CM हेमंत सोरेन लापता, रखा नकद इनाम

hemant soren
, मंगलवार, 30 जनवरी 2024 (13:00 IST)
Hemant Soren news : प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा सोमवार को झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन के दिल्ली स्थित घर पर छापेमारी के बाद से ही वह मुश्किल में नजर आ रहे हैं। भाजपा ने सोरेन को लापता बताते हुए उन पर इनाम घोषित कर दिया। हालांकि झारखंड मुक्ति मोर्चा का दावा है कि मुख्‍यमंत्री बुधवार को ईडी के समक्ष पूछताछ के लिए हाजिर होंगे।
 
पूर्व मुख्‍यमंत्री और झारखंड भाजपा अध्‍यक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विगत 2 दिनों से लापता हैं। राज्य के पुलिस महानिदेशक और इंटेलिजंस विभाग को सीएम के लोकेशन की जानकारी नहीं होना गंभीर मसला है। अवैध संपत्ति अर्जित करने और घोटाले का आरोप हेमंत सोरेन के उपर व्यक्तिगत रूप से लगा हुआ है, लेकिन ईडी को इसका जवाब मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से भेजा जा रहा है।
 
हेमंत सोरेन के अचानक से लापता हो जाने से राज्य में संवैधानिक संकट की स्थिति बनी हुई है... जो कोई भी मुख्यमंत्री की सही जानकारी देगा, उसे हमारे ओर से उचित ईनाम दिया जाएगा।
 
लैंड स्कैम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ ED की जांच पर भाजपा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री फरार हैं, लापता हैं और इसलिए लापता हैं क्योंकि उन्होंने भ्रष्टाचार को शिष्टाचार बनाने का काम किया। जब जांच एजेंसियां जांच करने के लिए उनको बुला रही हैं तो वे भागते जा रहे हैं।
 
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि एक कहावत है कि बापे पूत परापत घोड़ा, कुछ नहीं तो थोड़म थोड़ा... मतलब बेटा चाहे लाख अलग हो लेकिन उसके कुछ गुण बाप से जरूर मिलते हैं, वीर शिबू सोरेन जी केन्द्रीय मंत्री रहते 21 दिन गायब हो गए थे आज उनका बेटा झारखंड का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी 2 दिन से गायब। डरपोक व कायर लोगों को जनता जान गई है।
 
उन्होंने राज्य में राष्‍ट्रपति शासन की मांग करते हुए कहा कि आज झारखंड के लोगों का मान सम्मान हमारे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी ने लापता होकर मिट्टी में मिला दिया।
 
प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिल्ली स्थित आवास की तलाशी के बाद 36 लाख रुपए, एक SUV और कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए हैं।
 
झारखंड मुक्ति मोर्चा के एक पदाधिकारी ने बताया कि झारखंड में झामुमो के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन के सभी विधायकों को राज्य की राजधानी से बाहर नहीं जाने और राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए मंगलवार को एक बैठक में भाग लेने को कहा गया है।
Edited by : Nrapendra Gupta 

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

केरल में भाजपा नेता की हत्या मामले में दोषी 14 PFI कार्यकर्ताओं को मौत की सजा