Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

बिहार चुनाव में भाजपा ने स्टार प्रचारकों की विमान यात्रा पर खर्च किए 24.07 करोड़

बिहार चुनाव में भाजपा ने स्टार प्रचारकों की विमान यात्रा पर खर्च किए 24.07 करोड़
, शनिवार, 22 मई 2021 (08:24 IST)
नई दिल्ली। भाजपा ने वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में अपने केंद्रीय मुख्यालय के खातों से लगभग 26.7 करोड़ रुपए खर्च किए, जिसमें पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा, राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ जैसे स्टार प्रचारकों की यात्रा के लिए चार्टर्ड विमानों पर 24.07 करोड़ रुपए खर्च हुए।

भाजपा की ओर से चुनाव आयोग को सौंपे गए खर्च संबंधी एक बयान के मुताबिक पार्टी की बिहार इकाई ने चुनाव के दौरान कुल 28 करोड़ रुपए खर्च किए जबकि उम्मीदवारों को वित्तीय सहायता के रूप में उसने 16.5 करोड़ खर्च किए। इसके मुताबिक पार्टी की ओर से सभी उम्मीदवारों को 15-15 लाख रुपए दिए गए।

चुनाव की घोषणा से लेकर इसके पूरा होने तक पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय और राज्य इकाई द्वारा किया पूरा खर्च करीब 71.73 करोड़ बैठता है, जबकि इस अवधि के दौरान कुल पावती तकरीबन 35.83 करोड़ रही।

चुनाव की घोषणा के पूर्व पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय और राज्य इकाई के खाते में संचयी प्रारंभिक जमा रकम 2376.90 करोड़ रुपए थी और चुनाव बाद शेष जमा राशि 2279.96 करोड़ रुपए थी। पार्टी ने खर्च का यह ब्योरा मार्च महीने में जमा किया था, जिसे आयोग ने शुक्रवार को सार्वजनिक किया।

भाजपा की राज्य इकाई ने सुशील कुमार मोदी, देवेंद्र फडणवीस, और शाहनवाज हुसैन जैसे अपने स्टार प्रचारकों के लिए विमान और टैक्सी के इस्तेमाल पर 1.5 करोड़ रुपए खर्च किए। अन्य नेताओं की ट्रेन व टैक्सी यात्राओं पर 45.6 लाख रुपए खर्च किए गए।

बिहार इकाई ने मीडिया के विभिन्न माध्यमों से विज्ञापनों के लिए 16 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए, जिसमें गूगल इंडिया को दिए गए 1.59 करोड़ रुपए भी शामिल हैं। आयोग द्वारा निर्धारित सीमा के मुताबिक, बिहार जैसे राज्य में कोई उम्मीदवार 30.8 लाख रुपए तक विधानसभा चुनाव में खर्च कर सकता है। हालांकि, किसी राजनीतिक दल द्वारा किए जाने वाले खर्च की कोई सीमा तय नहीं है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

पेट्रोल-डीजल के दाम रहे स्थिर, जानिए 4 महानगरों में क्या हैं भाव