Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

गंजबासौदा हादसा : रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, कुएं से निकाले 3 शव

गंजबासौदा हादसा : रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, कुएं से निकाले 3 शव
, शुक्रवार, 16 जुलाई 2021 (08:11 IST)
विदिशा। मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा के बाहरी इलाके में कुए में दो दर्जन से अधिक लोगों के गिरने के कारण हुए हादसे में शुक्रवार सुबह तक 3 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। अपुष्ट जानकारी के अनुसार, अब तक 4 शव बरामद किए जा चुके हैं।
 
रात भर चले राहत एवं बचाव कार्य के बाद सुबह 3 लोगों को मृत अवस्था में निकाला गया। गुरुवार रात निकाले गए 15 लोगों को गंजबासौदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
 
गंजबासौदा के बाहरी क्षेत्र के लाल पठार इलाके में गुरुवार देर शाम एक बच्चा कुए में गिर गया था। उसे बचाने के लिए दर्जनों ग्रामीण कुएं की मुंडेर और उस पर लगी जाली पर चढ़ गए थे। अचानक हुए हादसे के चलते ग्रामीण, जाली और मिट्टी के साथ कुए में जा गिरे थे। देर रात राहत एवं बचाव कार्य के दौरान भी कुछ लोग कुएं में गिर गए थे।
 
तत्काल प्रारंभ किए गए राहत एवं बचाव कार्य के दौरान 15 लोगों को निकालकर गंजबासौदा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इसके बाद कुए का पानी निकालने का क्रम शुरू किया गया। तड़के तक दो लोगों के शव मिल चुके थे और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं ट्वीट के जरिए यह जानकारी दी थी। उन्होंने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि भी अर्पित की थी।
 
विदिशा जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग भी देर रात मौके पर पहुंचे और वे रातभर वहीं पर रहे। सुबह बचाव कार्य के दौरान एक शव और निकाला गया। अब तक कुल तीन शव निकाले जा चुके हैं। एक अनुमान है कि तीस से अधिक लोग कुए में गिरे हैं। माना जा रहा है कि अब कुछ ही घंटों में स्थिति साफ हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश : मुख्यमंत्री ने गंजबासौदा घटना की उच्चस्तरीय जांच और हरसंभव चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री लगातार बासौदा की घटना पर नजर बनाए हुए हैं। उनकी घटनास्थल पर मौजूद कलेक्टर एसपी और प्रशासन से बात हो रही है, आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। ऐसे परिवारों को भी चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं जिनके परिजन नहीं मिले हैं, उनसे जानकारी एकत्र की जा रही है।

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

श्रीनगर में मुठभेड़, सुरक्षा बलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया