Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

नेशनल वुमन पार्टी और ऑल इंडिया वुमन यूनाइटेड में हुआ गठबंधन, 283 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

नेशनल वुमन पार्टी और ऑल इंडिया वुमन यूनाइटेड में हुआ गठबंधन, 283 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
, शनिवार, 9 मार्च 2019 (16:51 IST)
नई दिल्ली। महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए गठित राजनीतिक दल नेशनल वुमन पार्टी (एनडब्ल्यूपी) और ऑल इंडिया वुमन यूनाइटेड पार्टी (एआईडब्ल्यूयूपी) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन कर 283 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है।
 
एनडब्ल्यूपी की अध्यक्ष श्वेता शेट्टी और एआईडब्ल्यूयूपी की अध्यक्ष नसीम बानो ने शनिवार को यहां यह घोषणा की। दोनों नेताओं ने कहा कि लोकसभा के आगामी चुनाव में दोनों पार्टियों ने गठबंधन कर 50 फीसदी सीटों पर संयुक्त रूप से चुनाव लड़ने का फैसला किया है। दोनों पार्टियां लोकसभा की 283 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। इन दोनों पार्टियों की सदस्य महिलाएं ही हैं।
 
श्वेता शेट्टी ने कहा कि इस समय लोकसभा के 545 सदस्यों में से केवल 11 फीसदी महिलाएं हैं। संसद में महिलाओं की भागीदारी 50 फीसदी होनी चाहिए तभी महिलाओं को दुष्कर्म और शारीरिक उत्पीड़न से सुरक्षित रहने का अधिकार मिलेगा। बानो ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों के लिए 13 मार्च को एनडब्ल्यूपी और एआईडब्ल्यूयूपी की ओर से जंतर-मंतर से इंडिया गेट तक महिला जुलूस निकाला जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार से 9 मार्च को 'इंडियन वुमन डे' घोषित करने की मांग की।
 
शेट्टी ने कहा कि महिला राजनीतिक दलों का मकसद संसद में महिला आरक्षण और कार्यस्थल पर महिलाओं का उत्पीड़न रोकने जैसे मुद्दों पर लड़ाई लड़ना है। जात-पात और धर्म का भेदभाव किए बिना पार्टी में शामिल होने वाली हर महिला का स्वागत है। देश के विकास में महिलाओं को समान रूप से भागीदार बनाना चाहिए। समाज में बदलाव लाने के लिए महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बहुत जरूरी है।
 
उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी को सभी राज्यों की 15 लाख से अधिक महिलाओं का समर्थन हासिल है। एनडब्ल्यूपी की सदस्यों में पूर्व राष्ट्रपति आर. वेंकटरमन की बेटी पद्मा वेंकटरमन, पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिंहराव की बेटी वाणी दयाकर, पूर्व राष्ट्रपति वीवी गिरि की बहू मोहिनी गिरि, क्रिकेटर रवीन्द्र जडेजा की बहन नैना जडेजा और तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता की बायोपिक में उनकी भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री नित्या मेनन शामिल हैं। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

सोना हुआ सस्ता, चांदी में तेजी