Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

सुन लो दीदी, पश्चिम बंगाल आपकी जागीर नहीं है-नरेन्द्र मोदी

सुन लो दीदी, पश्चिम बंगाल आपकी जागीर नहीं है-नरेन्द्र मोदी
दमदम। पश्चिम बंगाल में अपनी आखिरी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि कान खोलकर सुन लो ममता दीदी, पश्चिम बंगाल आपकी जागीर नहीं है। बंगाल में सुप्रीम यहां की जनता है। 
 
दमदम में गुरुवार को अपनी दूसरी रैली में मोदी ने मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। उन्‍होंने कहा कि ममता के अहंकार की वजह से राज्‍य में हिंसा हो रही है। उन्होंने कहा कि दीदी बंगाल को अपनी निजी संपत्ति समझने की भूल कर रही हैं। आप चुनाव आयोग को और सुरक्षा बलों को जमकर गालियां दे रही हैं। ये वही संस्थाएं हैं, जिन्होंने कभी आपकी मदद की थी। 
 
उन्होंने कहा कि दीदी को लगता था कि वे सुप्रीम पॉवर हैं, लेकिन सुप्रीम पॉवर तो सिर्फ बंगाल की जनता है। हिंसा का रास्ता छोड़ दीजिए। आप दिन को रात कहने लगेंगी, तो सच्चाई कभी बदल नहीं जाएगी। दरअसल, आपकी सत्ता जा रही है, आपकी जमीन खिसक चुकी है, पश्चिम बंगाल के लोगों ने आपको नकार दिया है। दीदी कान खोल कर सुन लो, ये पश्चिम बंगाल आपकी और आपके भतीजे की जागीर नहीं है।
 
मोदी ने कहा कि ममता और तृणमूल कांग्रेस के नेताओं का अहंकार इतना बढ़ गया है कि उन्होंने देश की रक्षा में जुटे सपूतों को भी नहीं छोड़ा है। इनके नेता उन्हें भगाने और मारने की सरेआम धमकी देते हैं। यही तरीका तो जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाज भी अपनाते हैं। मोदी ने बांग्लादेशी घुसपैठियों पर बोलते हुए कहा कि दीदी आपको यूपी, बिहार और ओडिशा वालों से समस्या है, लेकिन जो रात के अंधेरे में सीमा को लांघकर, चोरी-छुपे यहां आते हैं उनसे समस्या नहीं है।
 
ममता का मीम बनाने वाली प्रियंका शर्मा की गिरफ्तारी पर पीएम ने कहा कि मजाक करने पर बेटियों को जेल में डाला जा रहा है। जय मां काली और जय श्रीराम कहने भर से ही बंगाल के युवाओं को जेल में ठूंसा जा रहा है। 23 मई को जब फिर एक बार हमारी सरकार आएगी, तब घुसपैठियों का हिसाब होगा।
 

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

MG Motor की भारत में धमाकेदार इंट्री, लांच की अपनी सबसे लोकप्रिय SUV Hector, जानें फीचर्स