Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia

Fifa World Cup : क्रोएशिया ने मोरक्को को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया

Fifa World Cup : क्रोएशिया ने मोरक्को को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया
, शनिवार, 17 दिसंबर 2022 (23:01 IST)
अल रैयान। क्रोएशिया ने मिस्लाव ओर्सिच के निर्णायक गोल से शनिवार को फीफा विश्व कप 2022 के कांस्य पदक मैच में मोरक्को को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल किया। विश्व विजेता का फैसला रविवार को अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच होने वाले खिताबी मैच से किया जाएगा।
 
खलीफा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में जोस्को ग्वार्डिओल ने 7वें मिनट में गोल करके क्रोएशिया का खाता खोला, लेकिन मोरक्को ने 9वें मिनट में अशरफ दारी के गोल से मैच में वापसी कर ली। 
 
ओर्सिच ने 42वें मिनट में गोल जमाया जो क्रोएशिया की जीत में निर्णायक साबित हुआ। विश्व कप 2018 की उपविजेता क्रोएशिया ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट के इस संस्करण में तीसरा स्थान हासिल कर लिया, जबकि मोरक्को चौथे स्थान पर रहा।

लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने का सपना टूटने के बाद क्रोएशिया ने यहां आक्रामक शुरुआत करते हुए बढ़त बना ली। इसे इवान पेरिसिच ने 7वें मिनट में लोवरो मेजर की फ्रीकिक को हेडर मारकर ग्वार्डिओल तक पहुंचाया। क्रोएशिया के लिए मास्क पहनकर खेलने वाले ग्वार्डिओल ने बॉल को नेट में दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।
 
क्रोएशिया की यह खुशी कुछ देर तक ही रही क्योंकि 2 मिनट बाद मोरक्को को फ्रीकिक मिली। दारी ने फ्रीकिक पर हकीम ज़ियेश के क्रॉस को गोल में पहुंचाकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
 
मोरक्को ने इस गोल से मिले आत्मविश्वास से पहले हाफ में दो मौके और बनाए लेकिन अफ्रीकी टीम उन्हें गोल में नहीं बदल सकी।
 
क्रोएशिया को हाफ टाइम से पहले एक मौका मिला जिसका फायदा उठाते हुए यूरोपीय टीम ने अपनी बढ़त दोगुनी कर ली।
 
ओर्सिच ने मोरक्को के बॉक्स के मुहाने पर खड़े होकर बॉल को गोल की ओर मारा जो डिफेंस को भेदती हुई नेट में पहुंच गई।
 
पहले हाफ में पिछड़ने के बाद मोरक्को दूसरे हाफ में क्रोएशिया पर कोई दबाव नहीं बना सकी। इंजरी टाइम में जियेश के क्रॉस से मोरक्को अपना दूसरा गोल करने के करीब आई लेकिन गोल के करीब खड़े यूसुफ एन-नेसरी हेडर मारकर बॉल को नेट में नहीं पहुंचा सके।

Share this Story:

Follow Webdunia gujarati

આગળનો લેખ

IPL 2023 नीलामी को लेकर उत्साहित कैमरून ग्रीन, लेकिन वॉर्नर और कोच ऑलराउंडर के लिए चिंतित